चित्रकूट। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में गेहूं क्रय केंद्र के संचालन के संबंध में अधिकारियों के साथ कलक्ट्रेट में बैठक हुई। उन्होंने कहा कि किसानों का भुगतान समय से करें। गेहूं क्रय केंद्रों का समय से उठान कराएं। किसान बिचौलियों से बचें और सीधे खरीद केंद्र में गेहूं बेचें। कोई खरीद केंद्र प्रभारी बिचौलियों से सांठगांठ करे तो उसकी शिकायत करें।
बृहस्पतिवार को बैठक में जिलाधिकारी ने डिप्टी आरएमओ, सहायक निबंधक सहकारी समितियां, जिला प्रबंधक पीसीएफ से कहा कि केंद्र प्रभारियों को निर्देश जारी करें कि अधिक से अधिक किसानों का गेहूं क्रय केंद्रों पर खरीदा जाए। किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। न्यूनतम समर्थन मूल्य 1975 रुपये प्रति क्विंटल पर गेहूं की खरीद की जाए किसी भी क्रय केंद्र में शिकायतें न मिलें। अन्यथा कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि केंद्रों पर किसानों के बैठने के स्थान, पीने का पानी समुचित व्यवस्थाएं कराई जाएं। सभी केंद्रों में बोरा, तौल मशीन, पेयजल आदि व्यवस्थाएं सुनिश्चित रहें। बैठक में अपर जिलाधिकारी जीपी सिंह, उप जिलाधिकारी कर्वी रामप्रकाश, मानिकपुर संगमलाल, राजापुर राजबहादुर, डिप्टी आरएमओ संजय श्रीवास्तव, सहायक निबंधक सहकारी समितियां नरेंद्र सिंह, जिला प्रबंधक निर्मल कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।