फोटो 06-सीकेटीपी-08-हाइवे किनारे लगा कूड़े का ढेर। संवाद
चित्रकूट। शहर से महज पांच किलोमीटर दूर खोह क्षेत्र की करीब तीन हजार आबादी आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझ रही है। पालिका सीमा विस्तार में इस इलाके को शहर के ट्रांसपोर्ट नगर वार्ड नंबर तेरह में शामिल तो कर लिया है, लेकिन सड़क, पेयजल और जलनिकासी जैसी समस्या यहां बरकरार रखीं।
यहां के रास्ते कच्चे हैं, जिससे लोगों को रोज आवागमन में परेशानी होती है। बारिश के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं, जब गलियां कीचड़ से भर जाती हैं। नालियों के अभाव में गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन सुविधाएं देने में विफल रहा है। ग्राम प्रधान उन्हें नगर पालिका के पास भेजते हैं, जबकि नगर पालिका भी कोई ठोस कदम नहीं उठाती। सफाई के नाम पर केवल सुबह कचरा गाड़ी आती है, सफाई कर्मचारी नहीं दिखते। इससे गंदगी का अंबार लगा रहता है और लोगों को बीमारियों का डर सताता रहता है।
-
जलनिकासी की समस्या बड़ी
खोह निवासी भूरा ने बताया कि मोहल्ले में सड़क से लेकर जलनिकासी की समस्या है। सभी घरों का पानी हाईवे किनारे भरता है। वार्ड में गंदगी फैली है। इससे मच्छर जनित रोग फैलने का खतरा बढ़ गया है। ग्राम प्रधान के पास इसकी शिकायत लेकर पहुंचे, लेकिन उन्होंने पालिका के पास जाने के लिए कहा है।
गाड़ी आती न सफाई कर्मी
यही के कमल ने बताया कि केवल सुबह पालिका की कचड़े की गाड़ी आती है, न तो यहां कोई सफाई कर्मचारी आता है और न ही कोई कार्य होता है। नलकूप खराब होने के बाद चंदा करके बनवाया है। इसके साथ रोड पर कूड़े का ढेर लगा हुआ है।
बोले जिम्मेदार
साफ-सफाई के लिए प्रतिदिन कूड़ा गाड़ी भी जाती है और सफाई कर्मी भी जाते हैं, जहां भी गंदगी वहां टीम लगाकर सफाई करवाई जाएगी। -कमलाकांत शुक्ला, सफाई इंस्पेक्टर, नगर पालिका परिषद