फोटो 03 सीकेटीपी 01 देवांगना सड़क स्थित नया सर्किट हाउस। संवाद
चित्रकूट। धर्मनगरी में पर्यटकों, श्रद्धालुओं और विशिष्ट अतिथि अब देवांगना सड़क पर स्थित नवीन सर्किट हाउस में ठहराव कर सकेंगे। प्रशासन ने इस सर्किट हाउस की बुकिंग प्रक्रिया को पूरी तरह से ऑनलाइन कर दिया है। इससे श्रद्धालुओं व पर्यटकों का ठहराव सुगम होगा।
लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड अधिशासी अभियंता जितेंद्र सिंह ने बताया कि सर्किट हाउस में कुल तेरह कक्ष उपलब्ध हैं। इनमें से चार कक्ष जिला प्रशासन के लिए आरक्षित रहेंगे। शेष नौ कक्ष आम नागरिक ऑनलाइन माध्यम से आरक्षित कर सकते हैं। भारत या विदेश का कोई भी नागरिक निर्धारित शुल्क का भुगतान कर कक्ष बुक कर सकता है। इच्छुक व्यक्ति वेबसाइट https://www.guesthouse.uppwd.gov.in पर जाकर पंजीकरण के बाद उपलब्ध कमरों की बुकिंग कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने कहा कि यह सुविधा आम जनता को ठहरने के लिए सुरक्षित और सुलभ विकल्प प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि सरकारी अधिकारियों के लिए प्रतिदिन 500 रुपये से 700 रुपये तक का शुल्क निर्धारित है। निजी कार्य से ठहरने वाले सरकारी अधिकारियों को 800 रुपये से 1000 रुपये देने होंगे। पर्यटकों और निजी व्यक्तियों के लिए प्रतिदिन 2500 रुपये का शुल्क है, जबकि विदेशी पर्यटकों को 3500 रुपये का भुगतान करना होगा। भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यमों जैसे नेट बैंकिंग, यूपीआई या कार्ड से स्वीकार किया जाएगा। चेक-इन के समय मूल पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा।