एनसीसी सीनियर कैडेट में चयन के लिए दौड़ में शामिल कैडेट।
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। चित्रकूट इंटर कालेज परिसर में गुरुवार को सीनियर डिवीजन के एनसीसी कैडेट्स का फौज की तर्ज चयन किया गया। एनसीसी मुख्यालय प्रयागराज के आर्मी अधिकारियों ने दौड़, वजन व शारीरिक फिटनेस के बाद कैडेट्स की लिखित परीक्षा ली। मेरिट के आधार पर 25 कैडेट्स का चयन किया गया।
एनसीसी के मुख्य अधिकारी ऋषि कुमार शुक्ला ने बताया कि सीआईसी में 1965 से जूनियर और सीनियर डिवीजन एनसीसी एक साथ लागू हुई थी। 1977 में सीनियर डिवीजन एनसीसी किसी कारणवश समाप्त हो गई थी।
इसके बाद छात्रों की लगातार मांग पर एनसीसी महानिदेशालय दिल्ली के अधिकारियों ने एनसीसी सीनियर डिवीजन संचालित कराने की सीआईसी के लिए अनुमति दी है। एनसीसी प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके कैडेट्स को सभी सेनाओं की भर्ती, पुलिस व पीएसी की भरती में बोनस अंक मिलते हैं।
एनसीसी प्रमाण पत्र धारक को फौज की भर्ती में लिखित परीक्षा से छूट रहती है। वह इंटरव्यू देकर कमीशन अफसर में सीधे भर्ती होते हैं। भर्ती संपन्न कराने को लेकर एनसीसी मुख्यालय प्रयागराज के सूबेदार मेजर सीबी गुरुंग, हवलदार सुरेंद्र सिंह, रूपेश सिंह व अनिल कुमार मौजूद रहे।
मुख्य अधिकारी ऋषि कुमार शुक्ला, सीनियर डिवीजन के एएनओ सुनील कुमार शुक्ला, सहायक शंकर प्रसाद यादव, शक्ति प्रताप सिंह सेंगर, अनुशासन अधिकारी प्रताप नारायण श्रीवास्तव ने भी सहयोग किया। एनसीसी सीनियर डिवीजन में प्रवेश पाने के लिए 250 छात्रों ने आवेदन किया था, जिसमें 25 छात्रों का चयन हुआ।