फोटो 19सीकेटीपी-12- मेले में बैठे किसान। संवाद
-ब्लॉक परिसर में कार्यक्रम में दूर-दराज से पहुंचे किसानों ने जताई नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
पहाड़ी (चित्रकूट)। ब्लॉक परिसर में शुक्रवार को आयोजित किसान मेले में किसानों के लिए की गई लंच व्यवस्था ने विभाग की किरकिरी करा दी। भीषण गर्मी के बीच दूर-दराज के गांवों से पहुंचे किसानों को दोपहर में भोजन के नाम पर केवल बिस्किट व नमकीन का पैकेट दिए जाने से नाराजगी फैल गई। किसानों ने इसे मजाक बताते हुए बिना पैकेट लिए बगैर घर लौट गए।
किसान मेले में देवल, कुचारम, अदौहा, बरेठी, प्रसिद्धपुर, बछरन समेत एक दर्जन से अधिक गांवों से सौ से अधिक किसान शामिल हुए थे। इसमें महिलाएं भी शामिल रही। सुबह से कार्यक्रम में मौजूद रहने के बाद भी किसानों के लिए समुचित भोजन की व्यवस्था नहीं की गई। कई किसानों ने बाहर होटल और ढाबों में जाकर अपने जेब से खर्च कर भोजन किया जबकि कुछ किसान भूखे ही वापस लौट गए।
फोटो-13-किसान माता प्रसाद
-सोचा था पूड़ी-सब्जी होगी
प्रसिद्धपुर गांव से पहुंचे किसान माता प्रसाद ने बताया कि वह सुबह ही कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ब्लॉक परिसर पहुंच गए थे। उन्हें उम्मीद थी कि अन्य आयोजनों की तरह दोपहर में पूड़ी-सब्जी या भोजन की व्यवस्था होगी, लेकिन लंच पैकेट में केवल बिस्किट और नमकीन दी गई। मजबूरी में बाहर जाकर खाना खाना पड़ा।
फोटो-14- किसान दिनेश
तो घर से खाना लेकर आते
खरसेड़ा निवासी किसान दिनेश ने कहा कि किसानों को केवल कार्यक्रम की भीड़ बढ़ाने और फोटो खिंचवाने के लिए बुलाया जाता है। अगर पहले से पता होता कि भोजन की व्यवस्था नहीं होगी तो घर से खाना लेकर आते। किसानों की सुविधा का कोई ध्यान नहीं रखा गया।
-
बोले जिम्मेदार
किसानों को लंच पैकेट में नमकीन बिस्किट, कोल्डड्रिंक वितरित किए गए हैं। उसी के अनुसार व्यवस्था की गई थी। जीत लाल गुप्ता, उपनिदेशक कृषि।