मानिकपुर(चित्रकूट)। मानिकपुर थाना क्षेत्र के शंकर तिराहे के पास एक युवक की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्यारोपी चाकू को मौके पर फेंककर भाग निकले। दिनदहाडे़ हत्या कर शव फेंकने की घटना की जानकारी होते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। मृतक के जेब से दिल्ली से झांसी तक का रेलवे टिकट मिला है। आश्ंाका जताई जा रही है कि मृतक के पास मौजूद रुपयों की लालच में किसी ने साथ में ले जाकर उसकी हत्या कर दी है। सीओ व थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। मृतक की शिनाख्त बांदा के कमासिन थाना क्षेत्र के मुसीवा गांव का राजू उर्फ भोला (42) पुत्र बलोचा के रूप में हुई है। उधर, पुलिस ने देर रात गांव के दो साथियों को गिरफ्तार किया है। यह दोनों राजू के साथ लुधियाना से आए थे और जमीन का विवाद था।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के निही रोड पर बुधवार की शाम को सड़क पर युवक का शव मिलने पर सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक के जेब में टिकट मिलने से यह भी आशंका जताई गई है कि कहीं उसी के साथियों ने कमाकर लौटे राजू के पास मौजूद रुपये की लालच में फुसलाकर मानिकपुर ले गए। इसके बाद सुनसान स्थल पर हत्या कर फेंक दिया। अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया कि आखिर मृतक मानिकपुर कैसे पहुंचा। जबकि उसे बांदा रेलवे स्टेशन के आसपास होना चाहिए था। वहीं से उसका गांव भी नजदीक था। थाना प्रभारी सुभाष चौरसिया ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दी गई है। शव का पंचनामा कराया गया है। मृतक की जेब से चार हजार रुपये, मास्क, मोबाइल, गुटका व कुछ सिक्के भी मिले हैं। रात तक परिजनों के आने पर पोस्टमार्टम को भेजा जाएगा।