आगामी वित्तीय वर्ष से मुंबई से हावड़ा और पुणे से पटना जाने वाली सुपर फास्ट ट्रेनें अब वाया इलाहाबाद होकर नहीं गुजरेंगी। महानगरी, चंबल, क्षिप्रा व जनता एक्सप्रेस की तरह यह ट्रेनें भी बाईपास छिवकी से होकर आगे का सफर तय करेंगी। जिससे इलाहाबाद की ओर सफर करने वाले यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। इन दोनों ट्रेनों में इलाहाबाद के लिए होने वाला रिजर्वेशन भी बंद करने के आदेश आ चुके हैं।
इस बार रेल बजट में मानिकपुर-मुगलसरांय रूट पर पड़ने वाले बाईपास स्टेशन छिवकी के विस्तार के लिए लगभग दो करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जो इस बात का परिचायक है कि इस स्टेशन की सुविधाएं बढाई जाएंगी। पिछले वित्तीय वर्ष में इस स्टेशन के विकास के लिए दो किश्तों में लगभग एक करोड़ रुपये मिले थे।
अबकी एक साथ दो करोड़ रुपये से यात्री सुविधाएं बढे़ंगी। रेल विभाग समय व यात्री सुविधाओं के नाम पर पहले ही चंबल एक्सप्रेस, महानगरी एक्सप्रेस, जनता व क्षिप्रा एक्सप्रेस को मानिकपुर से इलाहाबाद न भेजकर बाई पास छिवकी से गुजार रहा है। अब अप्रैल माह से रेलवे के नए टाइम टेबुल के जारी होते ही मुंबई से हावड़ा और पुणे से पटना जाने वाली सुपर फास्ट ट्रेनों को भी मानिकपुर से इलाहाबाद नहीं भेजा जाएगा। अब यह ट्रेनें बाईपास छिवकी से होकर गुजरेंगी।