12 सीकेटीपी-4- परिचय- बांदा में पुरस्कार प्राप्त करते छात्र। कॉलेज प्रशासन
चित्रकूट। समग्र शिक्षा अभियान के तहत माध्यमिक शिक्षा सत्र 2025 की मंडल स्तरीय विज्ञान प्रतियोगिता में चित्रकूट के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता मंगलवार को बांदा स्थित आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज में आयोजित हुई। इसमें चित्रकूटधाम मंडल के चारों जिलों के चयनित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
चित्रकूट के बैजनाथ भारद्वाज सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बेडीपुलिया के छात्र मृत्युंजय और अभिजीत पाल ने जूनियर वर्ग में विज्ञान मॉडल प्रस्तुति में मंडल स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया। उनके इस प्रदर्शन से विद्यालय और जिले में खुशी का माहौल रहा।
कॉलेज के विज्ञान प्रमुख आचार्य धीरेंद्र बाजपेयी ने बताया कि विद्यार्थियों ने नवाचार और मेहनत से यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और अनुसंधान के प्रति रुचि बढ़ाने में सहायक होती हैं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक बांदा दिनेश कुमार और कॉलेज के प्रधानाचार्य मेजर मिथलेश कुमार पांडेय ने विजेता छात्रों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। मंगलवार को चित्रकूट लौटने पर विद्यालय परिवार और सहपाठियों ने दोनों विजेताओं का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।