करतल (बांदा)। मध्य प्रदेश के किसानों की ओर से अवैध खनन की शिकायत पर अजयगढ़ के तहसीलदार व खनिज अधिकारी ने नरैनी क्षेत्र के बड़ैछा गांव में छापा मारकर मौके से दो एलएनटी मशीन और एक डंपर को पकड़ लिया। इससे नरैनी की राजस्व व पुलिस टीम भी वहां पहुंच गई। दोनों टीमों के बीच जगह की पैमाइश को लेकर स्वीकृति बनी है।
नरैनी तहसील के बड़ैछा गांव में मौरंग खनन के लिए रंज नदी में जय महाकाल नाम के ठेकेदार का खनन का पट्टा जारी किया गया है। पट्टाधारक अपने आरक्षित खनन क्षेत्र में खनन कर रहा है। इस बीच सीमा से लगे मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ तहसील के अमरछी गांव के ग्रामीणों ने तहसील अजयगढ़ में शिकायत की कि मध्य प्रदेश के किसानों के जमीनों में अवैध खनन किया जा रहा है। शिकायत को संज्ञान में लेकर अजयगढ़ एसडीएम, तहसीलदार व खनिज अधिकारी मौके पर पहुंचे और वहां से दो एलएनटी मशीन व एक डंपर को पकड़ लिया है।
इस बीच नरैनी कोतवाली इंस्पेक्टर संदीप तिवारी, नायब तहसीलदार और चौकी प्रभारी करतल सूबेदार बिंद भी मौके पर पहुंच गए। हल्का लेखपाल बड़ैछा ने बताया कि नदी के उस पार उत्तर प्रदेश नरैनी तहसील का एरिया है। इस एरिया में अजयगढ़ तहसील के खनिज व राजस्व अधिकारी दावा कर रहे हैं कि यह उनका एरिया है। यूपी और एमपी की दोनों टीमों में आपस में तय हुआ है कि एसडीएम नरैनी व एसडीएम अजयगढ़ एक समय निश्चित कर पैमाइश की जाए और सीमा विवाद का हल किया जाए। तहसीलदार अजयगढ़ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों टीमों के बीच समझौता हो गया है। जल्द ही पैमाइश कराई जाएगी।