11 सीकेटीपी-28- कार्यक्रम में बोलते वक्ता व साथ में मौजूद अन्य संत। संवाद
चित्रकूट। मड़फा महादेव में आयोजित शिव शक्ति महायज्ञ व राजराजेश्वरी महाआराधना में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। यह आयोजन स्थानीय भक्तों और आसपास के जिलों से आए श्रद्धालुओं के लिए भक्ति और आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
महायज्ञ में स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और भव्य और प्रभावशाली बना दिया। हवन, मंत्रोच्चारण और भजन-कीर्तन के दौरान भक्त पूर्ण श्रद्धा और मनोयोग से पूजा-अर्चना में लीन रहे। मड़फा महादेव परिसर में भक्ति और धार्मिक उल्लास का वातावरण देखने लायक रहा। लोग सुबह से ही दर्शन और महायज्ञ में शामिल होने के लिए पंक्तियों में खड़े नजर आए। विशेष रूप से हवन के समय, पंडाल में जुटी भीड़ ने आयोजन स्थल को भक्तिमय माहौल से भर दिया।
यह आयोजन धार्मिक महत्व का है, लेकिन स्वामी जी से मिलने के लिए कई क्षेत्रीय नेता भी आशीर्वाद लेने के लिए महायज्ञ में मौजूद रहे। बुधवार को पूर्व सांसद भैरव प्रसाद मिश्र, उनके परिवार और सपा नेता भी स्वामी जी से मंत्रणा करते नजर आए। मड़फा महादेव में चल रहे इस महायज्ञ ने न केवल धार्मिक भावना को जगाया है, बल्कि श्रद्धालुओं को सामाजिक और आध्यात्मिक अनुभव भी प्रदान किया है। इस मौके पर चित्रकूट बांदा के पूर्व सांसद भैरव प्रसाद मिश्र उनके भाई पूर्व विधायक दिनेश कुमार मिश्रा व भांजे आनंद त्रिपाठी, सपा से वर्तमान सांसद कृष्णा देवी पटेल व उनके पति पूर्व मंत्री शिव शंकर सिंह सहित तमाम भक्त मौजूद रहे।