चित्रकूट/खोही। सीतापुर स्थित राष्ट्रीय रामायण मेला प्रेक्षागृह में 48वें रामायण मेले का शुभारंभ गुरुवार को दोपहर एक बजे जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज करेंगे। समारोह की अध्यक्षता उच्च न्यायालय प्रयागराज के न्यायमूर्ति विपिनचन्द्र दीक्षित करेंगे। इस मौके पर राज्य मंत्री चन्द्रिका प्रसाद उपाध्याय, सांसद आरके सिंह पटेल, पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्र, मानिकपुर विधायक आनन्द शुक्ला मौजूद रहेंगे।
कार्यकारी अध्यक्ष राजेश कुमार करवरिया ने बताया कि सुबह आठ बजे भूमि पूजन, देवार्चन के साथ शुभारंभ होगा। दोपहर 12 बजे संत-महंतों के साथ भव्य शोभायात्रा निर्मोही अखाड़ा रामघाट से होते हुए रामायण मेला के तुलसी द्वार पहुंचेगी। महामंत्री करुणाशंकर द्विवेदी ने बताया कि मेला परिसर में विद्वानों का आगमन जारी है। कलाकार व सांस्कृतिक दल पहुंचे रहे हैं। डीएम ने बताया कि मेला क्षेत्र में विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की प्रदर्शनी लगाई जा रही है। (संवाद)