05 सीकेटीपी-03- भैरों घाट में बना प्लाटून पुल। संवाद
चित्रकूट। धर्मनगरी में बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त हुए हनुमान धारा मार्ग के पुल का विकल्प अब तैयार हो गया है। कड़ियन घाट व भैरों बाबा मंदिर के पास करीब 1.69 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए प्लाटून पुल से बृहस्पतिवार शाम से श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरु हो गई है। इससे रामघाट और कामदगिरि परिक्रमा के बाद हनुमान धारा जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली है।
29 अगस्त को आई भीषण बाढ़ में मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाला हनुमान धारा मार्ग का पुल बह गया था। इसके बाद श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए क्षतिग्रस्त पुल के समीप कड़ियन घाट और भैरों बाबा मंदिर के पास वैकल्पिक प्लाटून पुल का निर्माण कराया गया।
दीपावली मेले में 40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के चित्रकूट पहुंचने की संभावना है। ऐसे में इस पुल के शुरू होने से श्रद्धालुओं को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। उन्हें हनुमान धारा पहुंचने के लिए परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। अभी लोगों को करीब दस किमी का चक्कर काट हनुमान धारा के दर्शन करने के लिए जाना पड़ रहा है। एमपी राजस्व विभाग के नायब तहसीलदार कमलेश सिंह भदौरिया ने बताया कि इसे श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए खोल दिया गया है।