चित्रकूट। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद रविवार को मानिकपुर विधायक आनंद शुक्ला ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। स्टाफ के गायब होने और प्रमुख स्थलों पर गंदगी मिलने पर चिकित्सालय निरीक्षक को जमकर फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान डॉ रामरतन के अलावा चिकित्सक डॉ अब्दुल्ला, एक वार्ड ब्वाय और एक नर्स ही उपस्थित पाए गए। तो वहीं, नवजात बच्चों के वार्ड में व्यवस्थित इंतजाम न होने पर विधायक ने गहरी नाराजगी जाहिर की। साथ ही शौचालयों में गंदगी का आलम नजर आने पर उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दूरभाष पर पूरे मामले की जानकारी दी। लापरवाह चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने को कहा। अस्पताल में भर्ती मऊ निवासी शकुंतला देवी पत्नी बजरंगदास रामनगर ब्लॉक के बलिया निवासी विमला देवी व इटवा निवासी चंद्र त्रिपाठी अपने क्षेत्रीय विधायक को अस्पताल में देखकर उनके पास पहुंच गए और अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं की जानकारी दी।
इस पर विधायक ने कहा कि क्षेत्रीय जनता के लिए बने इस अस्पताल में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को सेवा भाव के साथ मरीजों के साथ पेश आना ही होगा और ड्यूटी के समय अस्पताल में मौजूद रहना होगा। गैरहाजिर रहने वाले चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ कार्यवाई कराएंगे। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र त्रिपाठी, किसान मोर्चा के महामंत्री संतोष मिश्रा मौजूद रहे।