फोटो 09 सीकेटीपी 36 अंतिम संस्कार में मौजूद लोग। संवाद
खोही (चित्रकूट)। मध्य प्रदेश के नयागांव थाना क्षेत्र के रजौला वार्ड-12 में शुक्रवार को खेत में फसल की सुरक्षा के लिए लगवाए तारों में एचटी लाइन गिरने से करंट की चपेट में आकर मां-बेटे की मौत हो गई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के बालापुर माफी निवासी जगतपाल पटेल काफी समय से परिवार के साथ रजौला में रहकर खेती करते हैं। शुक्रवार सुबह पत्नी अनीता देवी (35) और बेटा आशीष उर्फ सुनील (10) खेत में तिल्ली काटने गए थे। दोपहर तक घर न लौटने पर जगतपाल खेत पहुंचे, जहां दोनों बेहोश पड़े मिले।
उन्हें तत्काल जानकीकुंड अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जगतपाल ने बताया कि फसल को मवेशियों से बचाने के लिए खेत के चारों ओर झटका तार लगवाए थे। इस पर 11 हजार वोल्ट की लाइन का तार टूटकर गिर गया था जिससे हादसा हुआ।
घटना के समय बड़ा बेटा रोशन ननिहाल रैपुरा गया था। सूचना पर सदर विधायक अनिल प्रधान गांव पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। नयागांव थाना प्रभारी नीलेश तिवारी ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।