संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। कोषागार में पेंशन घोटाले में शामिल कर्मचारियों व बिचौलियों ने कुछ लोगों के खातों में जमकर धन वर्षा की। जांच में इस बात की पुष्टि हुई है कि करीब आठ खाते ऐसे हैं, जिनमें पौने दो करोड़ रुपये भेजे गए, जबकि दो ऐसे खाते भी हैं जिनमें तीन करोड़ रुपये तक की राशि पहुंचाई गई। पचास लाख रुपये की श्रेणी में कई पेंशनर शामिल हैं।
ऑडिट टीम की जांच में यह खुलासा हुआ कि पेंशनर सुशीला देवी पत्नी स्व. नत्तूराम यादव के खाते में एक करोड़ चौंरासी लाख सतहत्तर हजार दो सौ बत्तीस रुपये भेजे गए। ऐसे ही कई और मामले सामने आए हैं, जिनकी राशि भी इतनी ही पाई गई है। पेंशनर शिव प्रसाद के खाते में सर्वाधिक तीन करोड़ 97 लाख 78 हजार 840 रुपये भेजी है। इसी तरह रामखेलावन 35932457, राजेन्द्र कुमार 34514395, गिरिजेश कुमारी 22080725, धनपति देवी 12525125, लक्ष्मी देवी 12117355, मोहन लाल 11481213, सुशीला देवी के खाते में 18477232 की धनराशि भेजी गई है।
एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि जांच के दौरान यह सभी तथ्य स्पष्ट हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी खातों की बैंक स्टेटमेंट, पेंशन रिकॉर्ड और ट्रांजेक्शन हिस्ट्री की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि सरकारी धन कहां और किन माध्यमों से खर्च हुआ।