अमावस्या मेले में आए श्रद्धालु।
- फोटो : संवाद
चित्रकूट। वैशाख माह की अमावस्या पर तपती धूप व गर्मी के बीच भी उत्साहपूर्वक तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी में डुबकी लगाई। दान पुण्य कर कामदगिरी की तपती जमीन की परवाह किए बगैर परिक्रमा लगाई। हलांकि शाम को तेज हवा चलने व बदली छाने से राहत मिली। व्यवस्था के लिए यूपी व एमपी क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारी मेला क्षेत्र में डटे रहे।
रविवार को अमावस्या में आए श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। सुबह से रामघाट पहुंचकर मंदाकिनी नदी में स्नान किया। मत्यगजेंद्रनाथ मंदिर में जलाभिषेक किया। भगवान कामदनाथ के दर्शन किया। इसके बाद कामदगिरि की परिक्रमा लगाया। परिक्रमा में श्रद्धालु जय श्रीराम की जय घोष लगाते रहे। इसके बाद धर्मनगरी क्षेत्र के जानकीकुंड, स्पटिक शिला, सहित अन्य तीर्थ क्षेत्र में दर्शन किया। धर्मनगरी आए हमीरपुर निवासी ललित राजपूत व सविता राजपूत ने बताया कि वह प्रत्येक अमावस्या पर्व में चित्रकूट आते है। सागर के रामलाल ने बताया कि परिवार सहित कामदगिरि की परिक्रमा लगाया है। दोपहर को धूप अधिक होने के कारण समस्या हो रही थी।
इनसेट
श्रद्धालुओं को बांटा प्रसाद
खोही। वैशाखी अमावस्या पर मेला क्षेत्र में समाज सेवियों ने भंडारे का आयोजन किया। कई स्थानों में शर्बत पिलाया गया। परिक्रमा मार्ग में भरत मिलाप मंदिर में बाला जी ट्रस्ट द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया। इसी प्रकार पुलिस विभाग की तरफ से श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया।
मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण
खोही। मेला में यूपी व एमपी के प्रशासनिक अधिकारी डटे रहे। एसपी अरूण कुमार सिंह सहित एमपी क्षेत्र में सतना डीएम सतीश कुमार व चित्रकूट क्षेत्र सीओ रोहित राठौर ने मेला क्षेत्र का भ्रमण किया। गर्मी अधिक होने के कारण कई प्रमुख स्थानों पर पेयजल के लिए टैंकर खडे़ कराए गए।