चित्रकूट। होली के अवकाश व रविवार के बाद सोमवार को जब अस्पताल खुला तो सुबह से मरीजों व तीमारदारों की बहुत भीड़ पहुंंची। सुबह से लेकर दोपहर दो बजे तक 1200 लोगों का इलाज किया गया। 200 से अधिक लोगों को एक्स रे हुआ और 300 की खून आदि की जांच हुई। भीड़ अधिक होने से आधे ही समय से रिपोर्ट लेकर डॉक्टर से इलाज करा सके बाकी को लौटना पड़ा।
जिला अस्पताल में सुबह से मरीजों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सेवानिवृत सैनिकों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। होली समेत अन्य दिनों के अवकाश होने पर सोमवार को जब अस्पताल खुला तो ओपीडी में सभी डॉक्टर मौजूद रहे। शंकर बाजार की गीता देवी ने बताया कि बुखार का इलाज कराने गई तो लगभग एक घंटे बाद पर्चा बन पाया।
इसके बाद डॉक्टर के पास भी पहुंचने में आधे घंटे से ज्यादा का समय लगा। कसहाई के रामप्रसाद ने बताया कि उसके भाई के पैर में चोट थी। डॉक्टर ने एक्सरे के लिए लिखा तो जांच कराई लेकिन रिपोर्ट नहीं मिल पाई। समय समाप्त होने पर डॉक्टर चले गये और रिपोर्ट अगले दिन आकर लेने के लिए कहा गया।