चित्रकूट। जिले के सभी थानों में शनिवार को संपूर्ण थाना समाधान दिवस आयोजित हुआ। बारिश के कारण फरियादियों की संख्या कम रही, फिर भी जमीन संबंधी विवादों की अधिकता देखी गई।
मानिकपुर थाने में पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह और उपजिलाधिकारी विपिन कुमार द्विवेदी ने समस्याएं सुनीं। उन्होंने पुलिस और राजस्व टीम को मौके पर जाकर मामलों के निस्तारण के निर्देश दिए। सरधुआ थाने में अपर पुलिस अधीक्षक पीयूष कांत राय ने शिकायतें सुनीं।
एक शिकायत का मौके पर ही निस्तारण हुआ, जबकि दो जमीन संबंधी थीं। राजापुर थाने में एक जमीन संबंधी प्रार्थना पत्र मिला, जिस पर थानाध्यक्ष नरेश कुमार प्रजापति ने लेखपाल को जांच के लिए भेजा। पहाड़ी थाने में भी अपर पुलिस अधीक्षक ने शिकायतें सुनीं। कर्वी कोतवाली में कोतवाल अभय राज सिंह ने जमीन और मारपीट के मामलों की फरियाद सुनी।
छेछरिहा बुजुर्ग गांव के राममूरत ने तहरीर दी कि 26 सितंबर को हैंडपंप में गंदगी डालने से मना करने पर उसकी पत्नी चंपा और बेटी पूजा को पीटा गया। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।
कच्ची छावनी निवासी रानी देवी ने बताया कि 27 अप्रैल को उनके घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी हो गए। उन्होंने पड़ोसी पर चोरी का शक जताते हुए कार्रवाई की मांग की।