चित्रकूट। धर्मनगरी आने वाले पर्यटकों के लिए रामघाट पर आधुनिक वाहन पार्किंग बनाई जा रही है। 22 करोड़ से बनने वाली पार्किंग वाईफाई से युक्त होगी। इसमें चालकों के ठहरने के भी इंतजाम होंगे। पार्किंग में छोटे-बड़े 300 वाहन खड़े हो सकेंगे। प्रवेश और निकास के अलग-अलग द्वार होंगे। इससे जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी।
भगवान कामदनाथ के दर्शन करने बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। स्थायी वाहन पार्किंग की व्यवस्था न होने से श्रद्धालओं को इधर-उधर वाहन खड़े करने पड़ते हैं। समाजसेवी अरुण गुप्ता, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष राजीव अग्र्रवाल, व्यापारी नेता शानू गुप्ता व बुंदेली सेना जिलाध्यक्ष अजीत सिंह का कहना है कि वाहन पार्किंग बनने से पर्यटकों को खासी सहूलियत होगी।