अगहनी अमावस्या पर लाखों श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी में
डुबकी लगाकर भगवान कामदगिरी की परिक्रमा लगाई। हल्की ठंड व कोहरे के बीच
सभी ने जग कल्याण के साथ अपनी मनौती पूरी करने की प्रार्थना की।
अमावस्या
के एक दिन पूर्व से ही तीर्थक्षेत्र में श्रद्धालुओं का जमावड़ा होने लगा
था। शुक्रवार को सूर्योदय के पहले ही रामघाट में भक्तजनों ने अपना डेरा
जमाया।
जय जय मंदाकिनी मां के उद्घोष करते हुए सभी लोगों ने मत्गयेंद्रनाथ
स्वामी का जलाभिषेक किया। इसके बाद श्रद्धालुओं का रेला कामदगिरी परिक्रमा
करने पहुंचा। दिन ढलने के साथ लोगों का हौसला कम होने की बजाए बढ़ता ही
गया। दोपहर बाद परिक्रमा मार्ग पर भीड़ का अधिक दबाव बढ़ गया।
जिलाधिकारी
नीलम अहलावत व पुलिस अधीक्षक केके चौधरी ने रातभर तीर्थ क्षेत्र का भ्रमण
किया। इसके अलावा अपर एसपी आरडी चौरसिया व सदर एसडीएम रजनीश मिश्रा ने
रामघाट व परिक्रमा मार्ग पर अतिक्रमण हटवाया।
रेलवे स्टेशन व टैक्सी
स्टैंड पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बनी रही। साधन कम होने के कारण
यात्री ट्रेन की छतों पर बैठे रहे। जीआरपी यात्रियों को रोकने का प्रयास
करती रही। लेकिन लोगों का हौसला कम नहीं हुआ।