जमिरा प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील खाने से
बच्चों के बीमार होने के मामले को डीएम ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने
घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। उधर, शुक्रवार को विद्यालय का
माहौल कुछ सामान्य दिखा। मिड-डे मील में बनी तहरी सभी बच्चों ने खाई।
बरगढ़
थाना क्षेत्र के जमिरा प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को मिड-डे मील खाने
से लगभग 50 बच्चे बीमार हो गए थे। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊ
लाया गया था। इनमें चार बच्चों को ड्रिप भी चढ़ानी पड़ी थी। प्रधानाध्यापक
रविशंकर त्रिपाठी ने बताया कि अफरा-तफरी के कारण गुरुवार को स्कूल में
मिड-डे मील नहीं बना।
बताया कि बीमार बच्चों में रसोइया इंद्रावती
का बच्चा भी था। सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में थे। इस वजह से रसोइया
अस्त-व्यस्त रही। बर्तन भी साफ नहीं हो पाए थे। इस कारण मिड-डे मील नहीं बन
पाया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को माहौल सामान्य हो गया। 150 बच्चे
स्कूल आए।
मिड-डे मील में तहरी बनी थी। सभी बच्चों ने तहरी खाई। यह
भी बताया कि लखनऊ से भी तीन सदस्यीय टीम आई थी। टीम तहरी का सैंपल ले गई
है। उधर, जिला मजिस्ट्रेट नीलम अहलावत ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय जमिरा
में मिड-डे मील खाने से बच्चों के बीमार होने की शिकायत मिली है।
उन्होंने
कहा कि यह गंभीर मामला है। इसकी मजिस्ट्रीयल जांच जरूरी है। डीएम ने बताया
कि इसकी जांच उप जिला मजिस्ट्रेट मऊ को सौंपी गई है। उन्हें सप्ताह भर में
आख्या देने को कहा है। बताया कि इस प्रकरण की जांच खाद्य सुरक्षा अधिकारी
द्वारा भी की गई है। इसको भी जांच आख्या में शामिल किया जाए।
शुक्रवार
को स्कूल पहुंची रीतू, संगीता, रोशनी आदि बच्चों ने बताया कि आज स्कूल में
तहरी बनी थी। हम लोगों ने खूब खाई। उधर, अभिभावकों गुलाब, अनिल कुमार ने
भी बताया कि स्कूल में व्यवस्था दुरुस्त नजर आई।