सपा के जिला कार्यालय से बुधवार को शुरू हुई आठवें चरण की साइकिल यात्रा में सपाइयों में उत्साह दिखा। जिलाध्यक्ष भइयालाल यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष शिवशंकर यादव, सदर विधायक वीरसिंह और मुख्य अतिथि जिला प्रभारी और राज्य महिला आयोग की सदस्य अर्चना राठौर ने सपाइयों का जोश बढ़ाया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सपा की साइकिल को कोई पार्टी रोक नहीं सकती। आगामी चुनाव में इसका परिणाम देखने को मिलेगा।
अर्चना राठौर ने कहा कि जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों में जिस भावना से कार्यकर्ताओं ने काम किया है वह सराहनीय है। उन्होंने जिलाध्यक्ष की भी सराहना की। सदर विधायक वीर सिंह ने दावा किया कि इस मेहनत का असर आगामी चुनाव में दिखेगा। दूसरी पार्टियों का नाम न नजर आएगा। पूर्व जिलाध्यक्ष अनुज सिंह यादव ने भी पार्टी की योजनाओं को हर तबके के लिए बताया। इनके अलावा गौरीशंकर मिश्र, नरेंद्र गुप्ता, मो. गुलाब खां, गुलाब गुप्ता, मायादेवी जायसवाल, विद्यासागर यादव, आशू द्विवेदी, अफजल अली, शेषू जायसवाल आदि साइकिल यात्रा में शामिल रहे।
यात्रा पुरानी बाजार, भैरोपागा, नई बाजार, कचहरी चौराहा, कसहाई से होकर कालूपुर खोह में समाप्त हुई। पहाड़ी में सत्यनारायण पटेल और रमेश यादव ने यात्रा की अगुवाई की। विकासखंड मानिकपुर में भौरी से साइकिल यात्रा निकाली गई। यहां पूर्व जिला महासचिव नरेंद्र गुप्ता ने हरी झंडी दिखाई। इसका नेतृत्व लोहियावाहिनी जिलाध्यक्ष फराज खां ने किया। रामनगर में भोलाराम यादव, रमाशंकर पटेल की अगुवाई में यात्रा निकाली गई। मऊ में छात्रसभा के जिलाध्यक्ष संदीप द्विवेदी और भोलानाथ खंगार ने नेतृत्व किया। जिलाध्यक्ष ने बताया कि 13 अगस्त को पटेल तिराहे पर जनसभा के बाद यात्रा का समापन होगा।