पुत्री की शादी के अनुदान स्वीकृति का पत्र लाभार्थी को सौंपती जिला पंचायत अध्यक्ष मैना देवी व डीएम मोनिका रानी।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजना के तहत पुत्रियों की शादी अनुदान एवं समाजवादी पेंशन योजना का स्वीकृति पत्र मुख्य अतिथि अध्यक्ष जिला पंचायत मैना देवी व जिलाधिकारी मोनिका रानी ने लाभार्थियों को बांटे। शहर के गंगा प्रसाद जनसेवा इंटर कालेज सभाकक्ष में अल्पसंख्यक, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, सामान्य वर्ग के लाभार्थियाें की पुत्रियों की शादी अनुदान के 511 और समाजवादी पेंशन के एक हजार स्वीकृत प्रमाण-पत्र दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शादी अनुदान के लिए सरकार पूर्व में 10 हजार रुपये देती थी। जो अब बढ़ाकर 20 हजार रुपये की गई है। पूर्व में इस योजना के लिए आय प्रमाण पत्र ग्रामीण क्षेत्र में 18 हजार और शहर में 24 हजार थी ।
जिसको अब बढ़ाकर ग्रामीण क्षेत्र में 46 हजार 80 रुपये व शहर में 56 हजार 60 रुपये किया गया है। जिससे अब इस योजना में काफ ी लोग लाभान्वित हो रहे हैं। समाजवादी पेंशन योजना को टीकाकरण, शिक्षा से भी जोड़ा गया है।
जिन घरों के बच्चे टीकाकरण व विद्यालय में पढ़ेंगे और साक्षर बनेंगे तो इस योजना में प्रत्येक वर्ष 50 रुपये की बढ़ोत्तरी भी की जायेगी। जनपद में समाजवादी पेंशन का लक्ष्य 86343 के सापेक्ष 82567 पेंशन लाभार्थियों के खातों में आनलाइन भेजी गई है।
शेष बचे लोगों को भी जल्द लाभान्वित किया जाएगा। हौसला पोषण योजना में 0 से 5 वर्ष के अति कुपोषित बच्चों / गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जाता है। जिसमें 70 प्रतिशत बच्चों को 40 प्रतिशत गर्भवती महिलाओं को पुष्टाहार दिया जाता है।
जिसकी समीक्षा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व कन्नौज सांसद डिंपल यादव करते हैं। किसी किसान की सड़क दुघर्टना , बिजली गिरने, जहरीला कीड़ा काटने आदि से मृत्यु होती है तो उसके आश्रित को 5 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। भूमिहीन किसानों के लिए, आम आदमी बीमा योजना के तहत दुर्घटना होने पर 35 हजार की सहायता दी जाती है।