चित्रकूट। बिजली कनेक्शन काटने को लेकर आढ़तियों और मंडी सचिव के बीच उपजा विवाद हफ्तेभर बाद भी थमने का नाम नहीं ले रहा। मंडी सचिव की बर्खास्तगी की मांग को लेकर सभी आढ़ती एकजुट हैं। सोमवार को भाजपा के पूर्व सांसद भैरोप्रसाद मिश्र ने गल्ला आढ़तियों से मिलकर उनकी मांग का समर्थन किया और पार्टी हाईकमान को मामले से अवगत कराने का आश्वासन दिया है।
सोमवार को भी गल्ला मंडी में हड़ताल रही। गल्ला व्यापार समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि बुंदेलखंड के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों के गल्ला व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने समर्थन का आश्वासन दिया है। मंडी सचिव को हटाने व दर्ज एफआईआर वापस न लेने पर बुधवार से धरने की चेतावनी दी है।
गौरतलब है कि मंगलवार को एक आढ़ती की दुकान का बिजली का कनेक्शन काटने पर मंडी कर्मियों से व्यापारियों का विवाद हुआ था। जिस पर मंडी सचिव विपुल कुमार ने 17 व्यापारियों के खिलाफ अनुसूचित जाति जनजाति अधिनियम व अन्य धाराओं मेें रिपोर्ट दर्ज कराई है। मंडी सचिव ने व्यापारियों पर कपड़े फ ाड़कर पिटाई करने का आरोप लगाया है।
व्यापारियों ने आरोप को फर्जी बताकर सीसीटीवी फुटेज दिलाने की मांग की है। मंडी सचिव ने बताया कि इस घटना का सीसीटीवी फुटेज नहीं है। इसके बाद से लगातार व्यापारियों की हड़ताल चल रही है। सोमवार को गल्ला मंडी परिसर में आढ़तियों की बैठक हुई। पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्र भी पहुंचे और कहा कि उन्हें पूरे मामले की जानकारी है।
मंडी सचिव की मनमानी बर्दास्त नहीं की जाएगी। प्रदेश सरकार समेत भाजपा के हाईकमान से इसकी शिकायत कर व्यापारियों के हित की बात कही जाएगी। बुंदेलखंड गल्ला व्यापार समिति के संगठन मंत्री गुलाब गुप्ता ने कहा कि बेमियादी हड़ताल जारी रहेगी।
सोमवार को बुंदेलखंड के अध्यक्ष प्रदीप माहेश्वरी ने मोबाइल से बात कर व्यापारियों के साथ कंधा से कंधा मिलाकर संघर्ष में साथ देने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई जिलों के पदाधिकारियों ने फोन कर चित्रकूट की घटना पर आढ़तियों की हड़ताल का समर्थन किया है।