चित्रकूट। मानिकपुर क्षेत्र के चेकडैम के पास किशोरी से हुए सामूहिक दुष्कर्म में 50 हजार के इनामी आरोपी सुभाष उर्फ लल्लू उर्फ लाला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से देसी राइफल, एयरगन, कारतूस और चोरी की बाइकें बरामद हुई है।
एसपी अरुण कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि 14 जुलाई को पीड़िता ने मानिकपुर थाने में तहरीर दी थी। बताया था कि 13 जुलाई को दोपहर वह अपने साथी के साथ झरी फाटक के पास जंगल में स्थित चेकडैम के पास गई थी। वहां तीन युवकों ने असलहा दिखाकर डराया-धमकाया और सामूहिक दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी धमकी देकर भाग गए। तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई। पुलिस पहले ही दो आरोपियों को जेल भेज चुकी है। तीसरे आरोपी सुभाष की तलाश चल रही थी। उस पर डीआईजी राजेश एस ने 50 हजार का इनाम घोषित किया था। एसपी ने बताया कि मंगलवार शाम एसओजी और मानिकपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
उसके पास से मोबाइल, आधार कार्ड और चोरी की बाइक मिली। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वारदात में देसी राइफल और एयरगन को उसने उमरी गांव की काशीराम कॉलोनी में छिपा रखा था।पुलिस ने असलहों को बरामद कर लिया। मारकुंडी थाना क्षेत्र के घाटी मोड़ के पास से चोरी की दूसरी बाइक और बैग में रखे दो मोबाइल भी बरामद किए। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसके जेल भेज दिया।