मऊ/ पहाड़ी। गोशालाओं में संरक्षित गोवंशियों को सुविधाएं देने को भारतीय किसान यूनियन ने सदर कर्वी, पहाड़ी व मऊ ब्लाक परिसर में प्रदर्शन किया। इसके जरिए गोशालाओं में गोवंशियों के खाने व सर्दियों से बचाने के इंतजाम कराने की मांग रखी।
मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन चित्रकूट जिलाध्यक्ष राम सिंह राही के नेतृत्व में खंड विकास अधिकारी मऊ ओमप्रकाश यादव, खंड विकास अधिकारी पहाड़ी संजय कुमार पांडेय और बीडीओ सदर कर्वी महिमा विद्यार्थी को किसानों की समस्याओं संबंधित ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष ने बताया कि गोशालाओं में जानवरों को भरण पोषण की व्यवस्था सही नहीं है। ठंड का समय चल रहा है। गोवंशियों को ठंड से बचाने की तैयारी नहीं की गई।
जानवर खुले आसमान के नीचे ठंड में रहते हैं। जिससे ठंड से जानवरों की मौत हो जाती है। समय रहते गोशालाओं पर व्यवस्था दुरुस्त की जाएं। ब्लॉक अध्यक्ष जसवंत सिंह चौहान और बछरन के किसानों ने बीडीओ को आंदोलन की चेतावनी दी। कहा कि फसल नहीं बची तो ब्लॉक परिसर पर डेरा डालेंगे।
ब्लॉक अध्यक्ष सदर नरेश सिंह ने कहा कि रबी की फसल का समय चल रहा है। पहले किसान डीएपी खाद के लिए लाइन पर था। खाद की समस्या का निराकरण जिले में नहीं हो पा रहा है। जिला मीडिया प्रभारी देवेंद्र सिंह ने जिला प्रशासन से मांग की है कि विद्युत वर्क शॉप एक्सियन (बांदा) को हफ्ते में एक दिन के लिए जिले चित्रकूट में बैठक करनी चाहिए। इनके जेई, एसडीओ कार्य नहीं करते किसानों गुमराह करते हैं।
मंडल सचिव उदयनारायण सिंह, युवा बिंग संरक्षक तीरथ सिंह फौजी, जिला उपाध्यक्ष शिवदयाल दयाल सिंह बघेल, नीलकंठ द्विवेदी, तहसील अध्यक्ष राजकिशोर सिंह व कर्वी अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह मौजूद रहे।