सोमवती अमावस्या के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस ने पर्याप्त व्यवस्था की है। सोमवार को परिक्रमा मार्ग पर दंडवती परिक्रमा करने वाले भक्तों के लिए रेलिंग बना दी गई है। डीएम ने बताया कि सोमवती अमावस्या पर लगने वाले मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए आठ जोन बनाए गए हैं। सुबह आठ से रात आठ बजे तक और रात आठ से सुबह आठ बजे तक के लिए जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
उन्होंने बताया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई है। दस अधिकारियों की रिजर्व में ड्यूटी लगाई गई है, जो कंट्रोल रूम में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने आगाह किया कि अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उप जिला मजिस्ट्रेट कर्वी नरेंद्र सिंह को मेला प्रभारी और अपर जिला मजिस्ट्रेट को ओवर आल इंचार्ज बनाया गया है। डीएम ने कहा कि मेले के दौरान बिजली, पानी, स्वास्थ्य, सफाई, चिकित्सा, नाव आदि की व्यवस्था भी सुचारु रखी जाएगी।
भीड़ कम रही तो रामघाट तक जा सकेंगे टेंपो
एसपी पवन कुमार ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ख्याल रखा जाएगा। अगर ज्यादा भीड़ रही तो रैन बसेरा से ही टेंपो को रोक दिया जाएगा। पर अगर भीड़ कम रही तो रामघाट तक टेंपो जा सकेंगे। हर जगह पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी, ताकि टेंपो-टैक्सियों के चालक मनमानी न कर सकें। निर्धारित किराए से ज्यादा वसूलने पर कार्रवाई की जाएगी।
पार्किंग और रूट की स्थिति
टीएसआई आफाक खां ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर ओवरलोडिंग रोकने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। बेड़ी पुलिया में बसों की पार्किंग की जाएगी। विकलांग विवि में प्राइवेट जीप और कारों को पार्क किया जाएगा। खोही में जीप, कार और ट्रैक्टर की पार्किंग होगी। पोद्दार कालेज में मध्यम और हल्के वाहन पार्क किए जाएंगे। चितरा गोकुलपुर में प्राइवेट बसें और बड़े वाहनों को पार्क किया जाएगा। कर्वी से आने वाले वाहन बेड़ी पुलिया में रोके जाएंगे और शिवरामपुर की ओर से आने वाले वाहन चितरा गोकुलपुर तक जा सकेंगे।