फोटो- 1- हत्या का आरोप लगाते पोस्मार्टम हाउस में मृतक मजदूर के परिजन
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। यमुना नदी किनारे बियावल घाट पर बालू ढुलान के समय मजदूरों की मारपीट में घायल मजदूर की सोमवार को मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने खनन ठेकेदार पर हत्या कराने का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक ने मामले में हत्या की धारा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। आरोपी की तलाश की जा रही है।
मऊ थानाक्षेत्र के बियावल घाट पर रविवार को रेडी भुसौली गांव निवासी शारदा प्रसाद पुत्र सज्जी से उसके ही गांव निवासी प्रेम निषाद पुत्र सुखराज से बालू के ढेर को हटाने की बात पर विवाद हो गया था। आरोप है कि प्रेम निषाद ने शारदा को बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी गर्दन में चोट आई थी। घायल शारदा को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। सोमवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के परिजनों ने खनन ठेकेदार के इशारे पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। थाना प्रभारी सुभाष चौरसिया ने बताया कि आरोपी पर रिपोर्ट दर्ज है, उसमें हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी।
घाट संचालक मुंशी सोहन चौधरी ने बताया कि दोनों मजदूरों के बीच रुपये के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था। आरोप गलत लगाए गए हैं। मृतक की पत्नी मटरी देवी, दो पुत्र व एक पुत्री है।