चित्रकूट/खोही। बड़ा अखाड़ा के महंत कल्याण दास के निधन के बाद शुक्रवार को अखाड़ा को नया महंत मिल जाएगा। निर्वाणी अखाड़ा अयोध्या के महंत धरम दास ने बताया कि महंत श्याम दास अखाड़ा खोही के नए महंत होंगे। शुक्रवार को कंठी चादर कार्यक्रम में उन्हें विधिवत अखाड़े का महंत बनाया जाएगा। उधर, दिवंगत महंत के पुत्र ने खुद को महंत बनाने की मांग दोहराई है।
बृहस्पतिवार को खोही अखाड़ की बैठक के बाद महंत धर्मदास ने बताया कि सभी साधु-संतों ने विचार-विमर्श के बाद श्याम दास को अखाड़े का महंत बनाने पर सहमत हुए। उधर, निर्णय को लेकर दिवंगत कल्याण दास के पुत्र संतोष तिवारी एतराज जताते हुए कहा कि यह गलत है, महंत के लिए वह दावेदार हैं। उन्होंने कहा कि वह हाईकोर्ट की शरण लेंगे। बैठक के बाद महंत धर्मदास साधु-संतों के साथ एसपी धवल जायसवाल से मिलने जिला मुख्यालय पहुंचे। उनके साथ श्याम दास भी रहे। साधु-संतों ने एसपी से शुक्रवार को कंठी चादर कार्यक्रम के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कराने की मांग की है।
इसी बीच महंत धर्मदास ने कई साधूसंतों व दिवंगत महंत के पुत्र के दावे और विरोध को लेकर कहा कि खून के रिश्तों पर महंत नहीं बनाये जाते। इस बात को लेकर कुछ स्थानीय संत महंत भी नाराज हैं लेकिन धर्मदास के सामने खुलकर कहने को तैयार नहीं है। उस आश्रम में कुछ समय पहले से रह रहे पुजारी भी महंत बनने की इच्छा जाहिर कर रहे हैं।