चित्रकूट। छह दिन पूर्व बारिश के बाद सूर्य भगवान ने अपनी आंखे तरेरना शुरु कर दिया है। इससे तापमान में बढ़ोत्तरी होने लगी है। हर दिन गर्मी बढ़ती जा रही है। शनिवार को तो 10 बजे के बाद लू चलने लगी थी। इससे दोपहर में सड़कों पर कम ही लोग दिखाई दे रहे थे।
जिले में शनिवार को गर्मी का असर खूब दिखा। सुबह से उमस का एहसास होने लगा था। 10 बजे से ही बाइक सवारों को चेहरे में लू आग की लपटों की तरह लग रही थी। इससे बचने के लिए बाइक सवार हेलमेट या गमछा बांध कर आ जा रहे थे। दोपहर से लेकर शाम तक सड़कों में बहुत कम ही लोग नजर आ रहे थे। वहीं तेज धूप की वजह से पैदल भी लोग चेहरे ढक कर आते जाते रहे। पेड़ की छाया मिलने पर पैदल राहगीर रुक जाते हैं। कुछ देर ठहरने के बाद आगे बढ़ते हैं। वहीं भीषण गर्मी की वजह से पेय पदार्थों की दुकानों में भीड़ बढ़ने लगी है। बाइक सवार तो दुकान मिलने में रुक कर गन्ना का रस, आम का जूस व नींबू पानी पीते हैं।