चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र के गढ़ीवा में सरकारी कर्मचारी की छत से गिरने से मौत के मामले में परिजन ने हत्या का आरोप लगा एसपी से शिकायत की है। एसपी ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
अहमदगंज निवासी गुलाब दास ने बताया कि उसके पिता राम लखन ने दो शादियां की थी। पिता दूसरी पत्नी मीरा देवी के साथ रहते थे। वह सरकारी कर्मचारी थे। नौकरी के चक्कर में 11 जुलाई की सुबह मीरा देवी व उसके बेटों ने मिल कर पिता की धारदार हथियार व लाठी डंडों से पीट कर हत्या कर दी और जिला अस्पताल लेकर पहुंच गए। इसके बाद छत से गिरने से पिता की मौत की सूचना दी। बताया कि इसके पहले भी मीरा देवी व उसके बेटे पिता की जान लेने की कोशिश कर चुके थे। पिता ने कोतवाली पुलिस से शिकायत की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। पिता ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।