बांदा। केंद्र सरकार ने जीएसटी दरों में कटौती करते हुए दवाओं पर सात प्रतिशत जीएसटी घटाई है। इसके साथ ही मेडिकल सामग्री में भी जीएसटी कटौती से जरूरतमंदों को इसका लाभ मिलेगा। वह भी महंगी दवाएं कम दाम पर खरीद सकेंगे और उन्हें बेहतर उपचार सुलभ हो सकेगा।
केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन जिलाध्यक्ष संतोष कुमार उर्फ शांतनु ओमर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जो दरियादिली दिखाई है। दवाओं पर लगी 12 प्रतिशत जीएसटी को सात प्रतिशत कम किया है। इससे दवाएं सस्ती हो गईं और मेडिकल सामग्री की कीमतों में कमी आई है। उन्होंने कहा कि गले में इस्तेमाल किए जाने वाले पट्टा, सीने में लगाई जाने वाली बेल्ट, पेट में लगाई जाने वाली बेल्ट के अलावा हड्डी रोग से पीड़ितों के लिए इस्तेमाल होने वाले बेल्ट और पट्टों के दाम भी कम हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से केंद्र सरकार ने जीएसटी में कटौती की है, उससे व्यापार में इजाफा होने की पूरी उम्मीद है।
-
प्रिंट रेट में सात प्रतिशत जीएसटी कटौती कर बेची जा रही दवाएं
केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने सभी दवा विक्रेताओं से कहा है कि नई जीएसटी दरों के तहत दवाओं की बिक्री की जाए। बताया कि 12 प्रतिशत से पांच प्रतिशत जीएसटी केंद्र सरकार ने तय की है। सात प्रतिशत जीएसटी में कटौती हुई है। कहा कि सात प्रतिशत जीएसटी दवाओं में कम करके मरीजों व तीमारदारों को दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि नई जीएसटी दरों के तहत दवाएं बिक्री करने से जनता को इसका सीधा फायदा मिलेगा।
सर्जिकल और मेडिकल हार्ट वाली सामग्री भी टैक्स फ्री
नई जीएसटी दरें लागू होने के बाद से जहां दवाएं सस्ती हुई हैं, वहीं सर्जिकल और मेडिकल सामग्री को टैक्स फ्री किया गया है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह बहुत ही अच्छा कदम है। आयुर्वेदिक दवाओं पर भी 12 प्रतिशत जीएसटी था, इसको भी सात प्रतिशत कम किया गया है। सभी दवाओं पर मात्र पांच प्रतिशत जीएसटी ही देय होगा। उन्होंने कहा कि जो दवाएं पहले से डंप है, उनको भी प्रिंट रेट से सात प्रतिशत जीएसटी कम करके दवाओं की बिक्री की जाएगी।
व्यापारी भी गदगद और खरीदार भी मुस्करा रहे
जीएसटी दरों में कटौती होने की वजह से बाजार गुलजार नजर आ रहा है। खरीदार भी मुस्करा रहा है और दुकानदार व व्यापारी भी गदगद हैं। बाजार में खरीदारी में एकबारगी इजाफा हुआ है। लोगों ने बाइकें और चार पहिया वाहन खरीदे, इसके साथ ही किसानों ने ट्रैक्टरों की खरीदारी की है। अब यह सिलसिला जारी रहेगा।
अमित सेठ भोलू, जिलाध्यक्ष भारतीय उद्योग व्यापार मंडल
फोटो- 05 मेडिकल स्टोर में बिक्री के लिए रखी दवाएं। संवाद
फोटो- 05 मेडिकल स्टोर में बिक्री के लिए रखी दवाएं। संवाद