मानिकपुर(चित्रकूट)। मुंबई हावड़ा रेलमार्ग के इटवा स्टेशन के पास चलती ट्रेन की चपेट में आए तेंदुए की मौत की वजह ब्रेन हैमरेज बताया गया है। उसके सिर पर गहरी चोट व नाक से ज्यादा खून बहने से मौत हो गई है। इस मामले की वन विभाग ने जांच शुरु कराई है।
गौरतलब है कि मंगलवार की देर रात को मानिकपुर सतना के बीच मझगवां टिकरिया स्टेशन मार्ग पर ट्रेन की चपेट में आए तेंदुए की मौत हो गई थी। मादा तेंदुए की उम्र लगभग छह साल बताई गई थी। इसका पोस्टमार्टम बृहस्पतिवार को बरेली में कराया गया। रानीपुर वन्यजीव विहार क्षेत्र के वनाधिकारी त्रिवेणी प्रसाद ने बताया कि तेंदुए का पोस्टमार्टम कराकर बरेली में ही शव का अंतिम संस्कार कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार ट्रेन की टक्कर से तेंदुए के सिर पर गहरी चोट आई। मुख्य वन संरक्षक सुनील चौधरी ने वन क्षेत्र का निरीक्षण कर वन्यजीवों की सुरक्षा सही तरीके से करने को कहा है। इस मामले में जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट वन विभाग के एसडीओ एक सप्ताह में देंगे।