चित्रकूट। जिले की सभी तहसीलों के लेखपाल शनिवार को कार्यालय गए लेकिन पटलों पर कामकाज नहीं निपटाए।
वेतन बढ़ाने समेत अन्य मांगों के लिए सभी से कार्य बहिष्कार कर धरना दिया। बाद में मुख्यमंत्री को संबोधित पांच सूत्रीय मांग पत्र एसडीएम को सौंपा।
कर्वी तहसील परिसर में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की कर्वी इकाई दिनभर धरने पर बैठी रही। तहसील अध्यक्ष ज्ञानेंद्र प्रकाश ने बताया कि लेखपाल चरणबद्ध तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। शनिवार को तहसील परिसर में धरना देकर कार्य का बहिष्कार किया गया। बताया कि 10 अक्तूबर को थाना दिवस पर काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे। 12 को तहसील परिसर में रक्तदान शिविर लगाकर विरोध जताया जाएगा।
14 को बाइक रैली निकाली जाएगी। इसके बाद 17 से 23 तक तहसील मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन होगा और 24 को जिला मुख्यालय में धरना दिया जाएगा। ज्ञापन में मांग की गई है कि लेखपालों का प्रारंभिक वेतनमान 2800 ग्रेड पे किया जाए और वेतन विसंगतियां दूर की जाएं।
पदोन्नति और नई भर्ती की जाए। इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष कल्पना कनौजिया, तहसील मंत्री अनिल कुमार, उपमंत्री प्रेमचंद्र, कोषाध्यक्ष प्रियंका गौतम, रामपाल यादव, रामबाबू, पंकज कुमार आदि मौजूद रहे।
ज्ञापन देकर वेतन विसंगति दूर करने की मांग
मानिकपुर (चित्रकूट)। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर तहसील के लेखपालों ने कार्य बहिष्कार कर धरना दिया और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
ज्ञापन में वेतन विसंगति दूर कर वेतन बढ़ाने, स्थानांतरण के लिए आवेदन करने वाले लेखपालों का तबादला करने, पदोन्नति करने और नई भर्ती करने की मांग की गई। इस मौके पर संघ के अध्यक्ष अजय कुमार दिनकर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रोहित कुमार, मंत्री हनुमान सिंह, देवशरण, आकृति सिंह आदि मौजूद रहे। (संवाद)