फोटो 19सीकेटीपी-19- उपकेंद्र में ज्ञापन लेकर खड़े अधिवक्ता।
-विद्युत निगम के खिलाफ नारेबाजी, एमडी के नाम ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था सुधार की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
राजापुर (चित्रकूट)। लगातार 48 घंटों से अधिक समय से चरमराई विद्युत व्यवस्था के विरोध में शुक्रवार को तहसील राजापुर के अधिवक्ताओं ने उपकेंद्र पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने विद्युत निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक (एमडी) के नाम संबोधित ज्ञापन अधिशासी अभियंता को सौंपा।
अधिवक्ता अनुज शुक्ला ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। समय रहते तकनीकी खामियों को दूर नहीं किया गया, जिसके कारण लोगों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है। अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर एक ही विद्युत पोल पर क्षमता से अधिक तार डालकर आपूर्ति संचालित की जा रही है। तकनीकी मानकों की अनदेखी के कारण विद्युत लाइनों पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है, जिससे बार-बार फॉल्ट होने और आपूर्ति बाधित रहने की समस्या उत्पन्न हो रही है।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इस मौके पर पुष्पांजलि शुक्ला, हर्ष मिश्रा, दीपक तिवारी, पुष्पेंद्र त्रिपाठी, पुनीत त्रिपाठी, दीनबंधु पांडे, अखिलेश द्विवेदी, विनय पांडे, कृष्ण कुमार मिश्रा, जितेंद्र कुमार सहित अन्य अधिवक्ता और नगरवासी मौजूद रहे।