चित्रकूट। महोबा में अधिवक्ता सतीश अवस्थी पर जानलेवा हमले और आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी के विरोध में जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने बृहस्पतिवार को न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया। बाद में एसोसिएशन ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
महासचिव विजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि 30 जून को महोबा में अधिवक्ता सतीश अवस्थी पर हमला हुआ था। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें बांदा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने में देरी की और आरोपियों को अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। बार एसोसिएशन ने अधिवक्ताओं की सुरक्षा को प्रशासन की जिम्मेदारी बताया। अध्यक्ष सुशील कुमार मिश्र समेत कई अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि शीघ्र गिरफ्तारी न होने पर आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा। संवाद