चित्रकूट। जिले के सहायक महानिरीक्षक निबंधन के घर से लाखों के जेवर व नगदी चोरों ने पार कर दी। इस मामले में उनके घरेलू नौकर पर ही शक होने पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
शहर के कलक्ट्रेट मार्ग के पास किराए के घर में रहने वाले जिला निबंधन कार्यालय के सहायक महानिरीक्षक उमेश गुप्ता ने बताया कि दशहरे पर वह परिवार समेत मुंबई एक रिश्तेदार के घर गए थे। घर में उनका नौकर सीतापुर चौकी क्षेत्र के ठर्री गांव निवासी जगरूप पुत्र रामसजीवन रहता था।
वह ढाई साल से उनके घर में नौकरी कर रहा है और कभी भी वह बाहर जाते थे तो वह इनके घर में ही रहता था। चार दिन पूर्व वह मुंबई से लौटकर आए तो घर में ताला लटका था। नौकर को फोन लगाया तो उसका स्विच आफ मिला।
उन्होंने बताया कि दूसरी चाबी से घर का ताला खोलकर अंदर गए। अंदर कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा था। बाद में पता चला की लाखों रुपये के जेवरात व नगदी भी गायब है। तब से लेकर रविवार तक नौकर का मोबाइल स्विच आफ है और वह काम पर भी नहीं आया है। उसके घर भी जाकर पता किया तो बताया गया कि वह बाहर गया है। इसके बाद नौकर जगरूप के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।