राजापुर (चित्रकूट)। मऊ थानाक्षेत्र के पियरिया गांव के पास एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे उसमें सवार नमामि गंगे परियोजना में कार्यरत एक मजदूर की मौत हो गई जबकि चार मजदूर गंभीर घायल हो गए।पुलिस ने घायल मजदूरों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मऊ थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद राय ने बताया कि सोमवार देर रात को राजापुर-पियरिया मार्ग पर एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे उसमें सवार राजापुर थानाक्षेत्र के कटरा मोहल्ला निवासी मजदूर दिलीप कुमार (25) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि संत कुमार (42), हर्ष (30), जगदीश (35) और कमलाकांत (32) घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया कि यह सभी मजदूर नमामि गंगे परियोजना के तहत पियरिया गांव से मजदूरी करके पिकअप से राजापुर के लिए जा रहे थे। चालक घटना के बाद फरार हो गया। पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।