चित्रकूट/मानिकपुर। कोरोना से महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के कृषि विभाग के प्रोफेसर की इलाज के दौरान बांदा मेडिकल कालेज में मौत हो गई। वहीं रिटायर्ड एएनएम ने कानपुर के कोविड अस्पताल में दम तोड़ दिया है। जांच रिपोर्ट में 16 नये पॉजिटिव मिले हैं। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव की कुल संख्या 873 हो गई है। एक्टिव केस 231 बचे हैं। सीएमओ डा. विनोद कुमार यादव ने बताया कि मंगलवार कुल 972 लोगों के सैंपल लिए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक महात्मा गांधी ग्रामोदय विश्वविद्यालय के प्रो. जे.के गुप्ता को कुछ दिन पूर्व जांच में कोरोना संक्रमण हो गया था। उन्हें पहले खोह स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद बांदा मेडिकल कालेज मेें भर्ती कराया गया। जहां बुधवार को उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही कुलपति ने प्रो. नरेश चंद्र गौतम ने विश्वविद्यालय के प्रो. डीपीराय, इंजी. अश्वनी दुग्गल, राजेश कुमार सिन्हा को बांदा मेडिकल कालेज के लिए भेजा है। वही विश्वविद्यालय में शोक सभा कर एक दिन के लिए विश्वविद्यालय बंद कर दिया गया।
शहर के पुरानी बाजार निवासी रिटायर्ड एएनएम मीराबाई गुप्ता कोरेाना पॉजिटिव होने पर बांदा मेडीकल कालेज में भर्ती कराई गई थीं। इसके बाद उनकी दो बार निगेटिव रिपोर्ट आई लेकिन कुछ दिन बाद स्वास्थ्य बिगड़ने पर उनके परिजन कानपुर इलाज कराने ले गए। कानपुर में जांच के दौरान उन्हें कोरोना पाॅंजिटिव होने पर कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां मंगलवार की शाम को उनकी मौत हो गई है। जिले में कोरोना संक्रमित मृतकों की संख्या अब पांच हो गई है।
वहीं 16 संक्रमितों में मानिकपुर अस्पताल के एक डाक्टर, शिवरामपुर, रामनगर, कसहाईर ोड, बल्दाऊगंज, गांधीगंज, भरतपुरी, पुरानी बाजार, दिव्यंग विवि, सीतापुर, मऊ, कछारपुरवा, तरौंहा, शोभासिंह का पुरवा व भरतकूप के एक-एक निवासी हैं।
इनसेट
कोरोना से जंग जीतकर लौटे जगद्गुरु रामभद्राचार्य, आश्रम में हुए क्वारंटीन
चित्रकूट । धर्मनगरी के कांच मंदिर प्रमोदवन आश्रम में रहने वाले जगदगुरुरामभद्राचार्य महराज को 22 अगस्त को कोरोना पॉजिटिव होने पर चित्रकूट से लखनऊ ले जाकर पीजीआई में भर्ती कराया गया था। उनके उत्तराधिकारी आचार्य रामचंद्रदास ने बताया कि अब जगदगुरु पूरी तरह स्वस्थ्य हैं। बुधवार को वह चित्रकूट आकर आश्रम में 10 दिन क्वारंटीन हो गए हैं। इसके बाद वह भक्तों से मुलाकात करेंगे।