चित्रकूट। आग की लपटों में घिरी महिला को बचाने में पति भी झुलस गया। गंभीर हालत में इलाज को जिला अस्पताल से सतना ले जाते समय महिला की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मायके वालों ने घटना को संदिग्ध बताया है।
मुख्यालय के चकरेही चौराहा की रानी केसरवानी (26) पत्नी संदीप के परिजनों ने बताया कि बुधवार को सवेरे रानी घर में खाना बना रही थी। अचानक उसके कपड़ों में आग लग गई। यह देखकर पति चीखता हुआ उसे बचाने के प्रयास में खुद झुलस गया। परिजनों ने किसी तरह आग बुझाकर दोनों को जिला अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने गंभीर हालत में दोनों को सतना रेफर कर दिया। इलाज को ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। मृतका के तीन पुत्री हैं। मायका म प्र के नरसिंहपुर बुझुवा है। पति चाट का ठेला लगाता है। झुलसे पति ने बताया कि गैस चूल्हे में खाना बनाते समय पत्नी के कपड़ों में आग लग गई थी। वहीं मायका पक्ष से पहुंचे परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताया है। कोतवाल जयशंकर सिंह ने बताया कि अभी किसी पक्ष ने कोई जानकारी नहीं दी है। पोस्टमार्टम के बाद मौत के सही कारण की जानकारी हो सकेगी।