खाट सभा की तैयारियां देखती एसपीजी टीम
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की खाट सभा में किसानों के समय से पहुंचने के लिए समय आधे घंटे का बढ़ा दिया गया है। पहले यह सभा शुक्रवार को दोपहर साढ़े ग्यारह बजे प्रस्तावित थी जो अब दोपहर सवा बारह बजे कर दी गई है। इसके अलावा ज्यादा से ज्यादा ग्रामीण व किसानों से संपर्क करने के उद्देश्य से मुख्यालय के ट्रैफिक चौराहे में होने वाले स्वागत कार्यक्रम को भी बदलकर भरतकूप में संक्षिप्त जनसभा करने की संभावना है।
बुधवार को राहुल गांधी के धर्मनगरी में प्रवेश से लेकर खाट सभा स्थल व बांदा की ओर जाने वाले मार्ग पर एसपीजी टीम ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कामदगिरी प्रमुख द्वार व रात्रि विश्राम स्थल डाक बंगले में स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ कार्यक्रम के अनुसार सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की रूपरेखा बनाई।
गौरतलब है कि गुरुवार की देर शाम को राजापुर के रास्ते राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का काफिला धर्मनगरी पहुंचेगा। रात्रि विश्राम के बाद शुक्रवार को खाट सभा का आयोजन तय है। उसके बाद राहुल पीलीकोठी के रास्ते कामता नाथ मंदिर पहुंचेंगे। साधू संतो से बातचीत कर तय हुआ कि राहुल गांधी यहां दस मिनट में पूजन व आरती करेंगे।
इस दौरान चुनिंदा लोग ही मौजूद रहेेंगेे। मंगलवार को एआईजी एसपीजी जेपी जोशी ने सीओ राजेश तिवारी के साथ पोद्दार इंटर कालेज परिसर की व्यवस्थाओें का जायजा लिया। मौजूद सफाई कर्मियों व अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर गंदगी न होनी चाहिए। सुरक्षा कर्मियों की टीम ने शाम को मुख्यालय के डाग बंगले का दोबारा निरीक्षण किया। वीवीआईपी कक्ष के चारों ओर सुरक्षा कर्मियों का जमावड़ा रखने के निर्देश दिए।
कांग्रेस के प्रदेश सचिव पंकज मिश्रा प्रदेश संगठन मंत्री पुष्पेन्द्र सिंह व जिला अध्यक्ष रामभवन गुप्ता ने बताया कि राहुल गांधी की इच्छानुसार अधिक से अधिक किसान व ग्रामीणों से बातचीत करनी है। खाट सभा स्थल तक पहुंचने में किसानों की मदद की जाएगी। मंगलवार को जिले के कई स्थानों पर बारिश होने के बाद समय से किसानों का कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना संभव नहीं लगता।
इसे देखते हुए अब खाट सभा साढ़े ग्यारह बजे की बजाए सवा बारह बजे होगी। इसी क्रम में भरतकूप में संक्षिप्त सभा का आयोजन बांदा जाते समय किये जाने की संभावना है। इस कारण ट्राफिक चौराहे पर प्रस्तावित स्वागत समारोह स्थगित हो सकता है। इसकी पुष्टि गुरुवार दोपहर को की जाएगी। शेष कार्यक्रम यथावत है।