पहाड़ी (चित्रकूट)। कस्बे में चल रहे पालेश्वर नाथ क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में मेजबान व कर्वी की टीम के बीच खिताबी मुकाबला हुआ। जिसमें कर्वी की टीम आसानी से पहाड़ी की टीम को हराकर विजेता बनी।
सोमवार को कस्बे के मैदान में हुए मैच के दौरान न्यू पालेश्वर नाथ स्पोर्टिंग क्लब पहाड़ी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में नीरज 37 अमित सिंह 17 मिंटू 14 रनों के योगदान से कुल 117 रन बनाए। कर्वी की ओर से अच्छी गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए उत्कर्ष राजा मिंटू राज बहादुर ने दो- दो विकेट लिए। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए कर्वी की टीम ने 13.5 ओवर मे 6 विकेट खोकर फाइनल खिताब अपने नाम कर लिया। जिसमें मिंटू 38 सानू 29 उत्कर्ष के 12 रनों का सहयोग रहा। ग्राम प्रधान पहाड़ी प्रतिनिधि विजय बहादुर सिंह द्वारा विजेता एवं उप विजेता टीम को शील्ड व पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कृष्णमुरारी पांडेय, आनंद सिंह, राजू,राजीव, रतन मिश्रा, विकास सिंह व आनंद वर्धन आदि मौजूद रहे।