पचास हजार के इनामी गौरी यादव के साथ हुई मुठभेड़ के बाद से पुलिस का आसपास के गांवों में कांबिंग का सिलसिला जारी है।
हालांकि अभी तक कोई उल्लेखनीय सफलता नहीं मिली है। एसपी केशव कुमार चौधरी ने बताया कि त्यौहार के बाद दस्यु गिरोह के खिलाफ जोरदार अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने माना कि एके 47 के किसी भी गिरोह के पास होने से निश्चित रूप से उसकी फायर पावर में कुछ असर पड़ता है।
हालांकि उनका यह भी कहना था कि गौरी के पास जिस एके 47 होने के कयास लगाए जा रहे हैं वह देसी होगी।
गौरतलब है कि सोमवार को बहिलपुरवा थाने के मुनगा पहाड़ के पास पुलिस और गौरी यादव के बीच उस समय मुठभेड़ हुई थी, जब गौरी अपने गिरोह के साथ अपने गांव बिलहरी में देवी दर्शन को जा रहा था।
कई राउंड गोलियां चलने के बाद गैंग भाग निकलने में कामयाब रहा था। बाद में पुलिस को मुठभेड़ स्थल के साथ जो खोखे बरामद हुए उनमें कुछ खोखे एके 47 के भी बताए गए हैं।
एसपी केशव कुमार चौधरी बुधवार को भी बहिलपुरवा के बिलहरी, मड़ैयन, भौती, रुखमा आदि इलाकों में कांबिंग हुई।
उधर, माना जा रहा है कि गैंग किसी प्रत्याशी के प्रचार प्रसार के सिलसिले में ही इस समय पाठा क्षेत्र में घूम रहा है।