रिपोर्ट दर्ज न होने से गुस्साए सांसद भैरों प्रसाद मिश्र मंगलवार रात कोतवाली परिसर में ही धरने पर बैठ गए।
कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे सीओ सिटी ने रिपोर्ट दर्ज करा उन्हें रिपोर्ट की नकल मुहैया कराई, तब जाकर उनका गुस्सा शांत हुआ। इस दौरान करीब तीन घंटे तक कोतवाली में गहमागहमी रही।
सांसद भैरों प्रसाद मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष जयविजय सिंह, महिला मोर्चा महामंत्री रंजना उपाध्याय आदि मंगलवार रात करीब नौ बजे कोतवाली पहुंचे।
वहां उन्होंने सीओ राजेश कुमार तिवारी से छेछरिहा खुर्द मामले में रिपोर्ट दर्ज न किए जाने का मुद्दा उठाया। दोनों के बीच मुहांचाही होने लगी।
इससे गुस्साए सांसद अन्य भाजपाइयों के सात कोतवाली के बाहर चबूतरे पर धरने पर बैठ गए। आरोप लगाया कि पुलिस ने दूसरे पक्ष से रिश्वत ले ली।
यही वजह है कि पीड़ित की रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा रही है। उन्होंने कोतवाल पर भ्रष्ट्राचार का आरोप लगाते हुए नारेबाजी भी की।
आक्रोश बढ़ता देख सीओ ने सांसद को जल्द रिपोर्ट दर्ज करने का भरोसा दिया, लेकिन वह अड़ गए।
कुछ देर बाद रिपोर्ट दर्ज कर सीओ राजेश कुमार तिवारी ने सांसद को रिपोर्ट की प्रति दिखाई, तब जाकर भाजपाई शांत हुए।