दिल्ली के जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया पर दर्ज मामलों को वापस लेने और जेल से रिहा कराने की मांग को लेकर भाकपा व माकपा के पदाधिकारियों ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित सदर एसडीएम को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
भारतीय कम्युनिस्ट व मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के पदाधिकारियों ने गुरुवार को कचहरी परिसर से जुलूस निकाला और नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे। इस मौके पर भाकपा के जिला सचिव रूद्र प्रसाद मिश्र ने कहा कि जेएनयू अध्यक्ष पर केंद्र सरकार के इशारे पर कार्रवाई हो रही है। उन पर झूठा देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया है। अब उसकी जमानत पर भी अड़चन डाली जा रही है।
वहीं हैदराबाद के छात्र रोहित वेमुला के हत्यारोपियों पर अभी तक मुकदमा नहीं दर्ज किया गया है। वहां आरोपी को केंद्र सरकार बचाने में जुटी है। अमित यादव ने कहा कि भाजपा पूरे देश में सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ रही है। प्रदर्शन के बाद सदर एसडीएम रजनीश मिश्रा को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर राम प्रसाद सिंह, मुन्ना, राजा, रामकेश, राधेश्याम, रामनरेश, हनुमान प्रसाद व विनोद पाल आदि मौजूद रहे।