भरतपुरी हॉटस्पॉट इलाके को सैनिटाइज करती फायर बिग्रेड की टीम।
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। जिला अस्पताल के कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कंप है। वहीं एक शिक्षिका भी संक्रमित मिली हैं। इन्हें शुक्रवार को बांदा भेज दिया गया था। इनके परिजनों के सैंपल लिए गए हैं। जिला अस्पताल और भरतपुरी मोहल्ले को हॉटस्पॉट बनाया गया है। इससे जिला अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे मरीजों को लौटना पड़ा। इससे पहले भी स्वास्थ्य विभाग के चार कर्मचारी कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। वहीं एक शिक्षक में भी कोरोना संक्रमण मिला था।
जिला अस्पताल और भरतपुरी मोहल्ले को दमकल टीम ने सैनिटाइज किया है। सीएमओ डॉ.विनोद कुमार यादव ने बताया कि जिला अस्पताल बंद रखा गया। गेट के पास बैरियर लगाया गया है। डॉक्टर और कर्मचारी हाजिरी लगाकर लौट गए। मरीजों को सीतापुर व शिवरामपुर के अस्पताल में इलाज कराने के लिए कहा गया है। दरअसल शुक्रवार को जिला अस्पताल के एक वार्ड ब्वॉय और भरतपुरी की शिक्षिका की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद इनके घरों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मोहल्लों में बैरिकेडिंग कराई गई है।
जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय ने बताया कि हॉटस्पॉट इलाकों में जरूरी सामग्री की आपूर्ति संबंधित नोडल अधिकारी के जरिए कराई जा रही है।