चित्रकूट। विद्युत विभाग के जेई शिवप्रसाद राही का रुपये लेते हुए वीडियो वायरल होने के मामले को अधिकारियों ने संज्ञान में लेते हुए जेई को निलंबित कर दिया है। साथ ही वायरल वीडियो की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई है।
गौरतलब है कि जिले के राजापुर इकाई में तैनात विद्युत विभाग के जेई का रुपये लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में दावा किया गया है कि जेई एक ग्रामीण से रुपये ले रहे हैं।
इस संबंध में जेई ने शनिवार को बताया था कि उपभोक्ता ने बकाया बिल व जुुर्माने की राशि दी है कोई रिश्वत का मामला नहीं है। रविवार को इस मामले को विभागीय अधिकारियों ने गंभीरता से लिया। एसई पीके मित्तल ने बताया कि प्रथम दृष्टया वीडियो काफी पुराना लगता है। फिलहाल जेई को निलंबित कर मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।