चित्रकूट। करीब 50 बच्चों से यौन उत्पीड़न के मामले में फंसे सिंचाई विभाग के जेई रामभवन की पांच दिन की रिमांड के दूसरे दिन शुक्रवार को सीबीआई टीम ने उसकी पत्नी और मकान मालिक/स्वास्थ्यकर्मी को घर पर आमने-सामने बैठाकर एक घंटे दस मिनट तक पूछताछ की।
इस दौरान मकान की तलाशी में मिले कागजों और अन्य इलेक्ट्रानिक सामानों को दो बोरों में भरकर साथ ले गई। सीबीआई ने बृहस्पतिवार की रात भी जेई की पत्नी और अन्य करीबियों से पूछताछ की थी।
सीबीआई ने मकान मालिक को भी शुक्रवार को पूछताछ के लिए बुलाया था। इस दौरान सीबीआई की टीम ने उसके घर की तलाशी ली। सूत्रों का कहना है कि मकान से एक लैपटाप व एक और मोबाइल फोन मिला है।
बांदा की पाक्सो कोर्ट से जेई की पांच दिन की रिमांड मिलने के बाद शुक्रवार को जेई को लेकर एसडीएम कालोनी स्थित आवास पहुंची, जहां जेई की पत्नी व मौजूद दो अन्य लोगों से पूछताछ की। इस दौरान कई वीडियो फुटेज दिखाए और मोबाइल नंबर जांचा।
सीबीआई की टीम ने मकान मालिक से बीस मिनट तक पूछताछ की। इस दौरान उनसे पोर्न वीडियो में मौजूद बच्चों को पहचान कराने की कोशिश की। मकान मालिक की बेटी से छत के कमरों की चाभी लेकर तलाशी ली।
बृहस्पतिवार की रात भी सीबीआई ने जेई रामभवन की पत्नी को सिंचाई विभाग के डाक बंगले में जेई के सामने पूछताछ की थी। साथ ही जेई के कई और करीबियों से घटना से जुड़े सवाल पूछे थे। इस दौरान सीबीआई अफसर कुछ भी बोलने से बचते रहे।