महाशिवरात्रि पर्व पर हर हर बम बम के जयकारों के बीच मंगलवार भोर से ही
राजाधिराज मत्यगयेंद्र नाथ सरकार समेत जिले भर के शिवालयों में जलाभिषेक की
धूम रहेगी। जगह-जगह शिवबारात निकलेगी और धार्मिक आयोजन होंगे। मत्यगयेंद्र
नाथ मंदिर में धूमधाम के साथ विशेष शिव बारात, चार प्रहर की महाआरती और
अन्य धार्मिक आयोजन होंगे।
मंगलवार को महाशिवरात्रि का पर्व है।
राम की नगरी में चारों ओर हर हर बम-बम के जयकारे गूंजेंगे। चर के सोमनाथ,
मऊ के रिसियन, भरतकूप के मड़फा आदि ऐतिहासिक मंदिरों के साथ ही राजापुर के
द्वादश मंदिरों, पहाड़ी के पालेश्वरनाथ आदि शिवालयों में सुबह से ही
जलाभिषेक का दौर शुरू होगा।
लोग व्रत और अनुष्ठान करेंगे। इसके अलावा फूल,
बेलपत्र, भांग धतूरा आदि से भगवान शिव का श्रंगार होगा। धतुरहा चौराहे के
पास से भी धूमधाम के साथ भगवान शिव की बारात निकालने की तैयारी नगर युवा
व्यापार मंडल ने की हैं।
इसी तरह ट्रैफिक चौराहे के पास देवराज यादव के
परिसर में बने मंदिर में भी भव्य भंडारे, पूजन संकीर्तन की तैयारियां हैं।
तहसील स्थित मंदिर के अलावा सदर रोड के शास्त्रीजी के आश्रम में भी भगवान
शिव का विधिवत् रुद्राभिषेक और पूजन होगा।