मानिकपुर(चित्रकूट)। पटना से कुर्ला जा रही जनता एक्सप्रेस का इंजन फेल होने से ट्रेन मुंबई हावड़ा मार्ग पर लगभग डेढ़ घंटे खड़ी रही। इस दौरान आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित हुई। सतना मप्र से मालगाड़ी का इंजन हटाकर जनता एक्सप्रेस में लगवाकर ट्रेन आगे बढ़ाई गई।
बुधवार की दोपहर को लगभग 11 बजे पटना से कुर्ला जा रही जनता एक्सप्रेस जैसे की मानिकपुर के प्लेेटफार्म नं एक से आगे बढ़ी तो एक किमी आगे जाकर इंजन फेल हो गया। जिस पर ट्रेन चालक ने स्टेशन के डिप्टी एसएस कल्लू प्रसाद को सूचना दी।
जिस पर अधिकारियों ने दूसरे इंजन से ट्रेन को वापस प्लेटफार्म पर लाया गया। स्टेशन प्रबंधक जवाहर लाल ने बताया कि लगभग एक घंटे बाद सतना मप्र की ओर से आई मालगाड़ी को रुकवाकर उसका इंजन निकाला गया। इसी इंजन को लगाकर ट्रेन आगे रवाना की गई। इस दौरान लगभग जनता एक्सप्रेस डेढ़ घंटे लेट हुई।
गौरतलब है कि इस ट्रेन में दो इंजन लगे रहते हैं। दोनों इंजन की सहायता से ही ट्रेन चलती है। एक इंजन खराब होने पर वह आगे नहीं बढ़ पाएगी। पूरी ट्रेन का लोड़ एक इंजन नहीं उठा सकता है।